पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
* पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश
समस्तीपुर, : जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में प्रशासन ने तेज की पहल। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय सभागार में समीक्षात्मक बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र एवं इच्छुक परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने, लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने तथा रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के तहत जिले में अब तक हुई प्रगति, प्राप्त आवेदनों, लाभुकों को योजना से जोड़ने, रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना तथा लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से योजना के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित समाधान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर के माध्यम से स्वच्छ, किफायती और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र परिवारों को इसके लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना से जुड़ सकें।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं योजना से जुड़े आपूर्तिकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आवेदन से लेकर सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना तक की पूरी प्रक्रिया सरल, सुगम और समयबद्ध होनी चाहिए। योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में नहीं हो और लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में योजना के प्रचार-प्रसार, लाभुकों को जागरूक करने, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, सोलर सिस्टम की स्थापना में तेजी लाने तथा विभागीय स्तर पर प्रभावी अनुश्रवण को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को योजना की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, समस्तीपुर, दलसिंहसराय एवं रोसड़ा सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी, योजना से जुड़े आपूर्तिकर्ता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
#PMSuryaGhar #MuftBijliYojana #PMSSY #SolarEnergy #RooftopSolar #RenewableEnergy #CleanEnergy #GreenEnergy #SolarPower #Samastipur #DistrictAdministration #DistrictMagistrate #RoshanKushwaha #Bihar #BiharGovernment #GovernmentScheme #PublicWelfare #EnergyForAll #SustainableDevelopment #SolarForAll
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 11, 2026