कलेक्टर ने शाढ़ौरा में जल शोधन संयंत्र का किया निरीक्षण
पेयजल पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के दिए निर्देश
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने बुधवार को नगर परिषद शाढ़ौरा स्थित जल शोधन संयंत्र (WTP) का निरीक्षण कर पेयजल शोधन एवं आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा नागरिकों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जल शोधन संयंत्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संयंत्र से संबंधित आवश्यक रजिस्टरों का नियमित संधारण एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी की जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने नगर के विभिन्न स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन में हो रहे लीकेज का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही लीकेज की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल की बर्बादी रोकने और पाइपलाइन की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा जल शोधन संयंत्र और वितरण व्यवस्था का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद शाढ़ौरा के अध्यक्ष श्री अशोक माहौर, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री अतुल रघुवंशी, तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद के उपयंत्री तथा मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (MPUDC) के उपयंत्री उपस्थित रहे।
#ashoknagar