संडे ऑन साइकिल के 100वें सप्ताह एवं नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान के 11वें सप्ताह पर कटिहार में निकलेगी साइकिल रैली
कटिहार, 28 नवंबर।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, कटिहार द्वारा 29 नवंबर 2026 (रविवार) को संडे ऑन साइकिल अभियान के 100वें सप्ताह के विशेष अवसर पर साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही दो वर्षों तक संचालित होने वाले नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान के 11वें सप्ताह के अंतर्गत युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएँगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे जिला समाहरणालय, कटिहार से होगा। इस अवसर पर बिहार सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार के माननीय विधायक श्री तारकिशोर प्रसाद जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नियमित शारीरिक व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
वहीं, नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान के माध्यम से युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। दो वर्षों तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है।
इस संयुक्त आयोजन में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों, युवाओं, खेल प्रशिक्षुओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ शरीर, नशामुक्त समाज और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।
मेरा युवा भारत, कटिहार की ओर से जिले के सभी युवाओं एवं आम नागरिकों से इस विशेष आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।
#katihar
Katihar, Bihar | Nov 28, 2026