विभाजन की पीड़ा याद कर सभी ने लिया एकता और सौहार्द का संकल्प
विभाजन की विभीषिका के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों एवं विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले लोगों को दी गयी श्रद्धांजलि
उरई। 14 अगस्त विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शुक्रवार को उरई के टाउनहाल में विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें देश के विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा, संघर्ष और बलिदान से जुड़े छायाचित्र, मानचित्र, समाचार पत्रों की कटिंग और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुभव प्रदर्शित किए गए।
इस मौके पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ घनश्याम अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह समेत सभी जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सभी ने विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विभाजन लाखों परिवारों के संघर्ष और पीड़ा की गाथा है। सभी ने युवाओं से इतिहास को समझकर उससे सीख लेने का आह्वान किया। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने पहुंचकर विभाजन से जुड़े चित्रों और अभिलेखों का अवलोकन किया।
Orai, Jalaun | Aug 15, 2026