बानमोर के शनिचरा मार्ग रेलवे फाटक पर रोज लग रहा जाम, ओवरब्रिज नहीं होने से ड्यूटी, स्कूल और इमरजेंसी वाहन परेशान
मुरैना। बानमोर के शनिचरा मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। ट्रेन निकलने के दौरान फाटक बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। फाटक खुलने के बाद भी वाहनों की भीड़ के कारण कुछ समय तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज नहीं होने के कारण रोजाना आने-जाने वाले लोगों के साथ ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारी, स्कूल वाहन और इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
फाटक बंद होने के दौरान जाम में एंबुलेंस या अन्य आपातकालीन वाहन फंस जाएं तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि रेलवे फाटक के कारण बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।
फाटक खुलने के बाद का नजारा भी इस समस्या की गंभीरता को साफ तौर पर दिखाता है, जहां वाहन एक साथ निकलने के कारण काफी देर तक यातायात दबाव बना रहता है।
#morena #मुरैना #बानमौर