मुरैना - मुरैना जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस का हमला।
मुरैना जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने प्रेस वार्ता कर पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने चोरी, लूट, फायरिंग, सड़क हादसे, जुआ, अवैध शराब और नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के पुराने चुनावी वादे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जनता से समस्या होने पर फोन करने की बात कही थी, लेकिन आज मुरैना की जनता परेशान है और उनका फोन नहीं उठता।
वहीं कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना पर तंज कसते हुए सिकरवार ने कहा कि जब मंत्री के गांव में ही चोरी हो रही है, तो आम लोगों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अपराधों पर रोक नहीं लगी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। साथ ही 25 सितंबर को देवगढ़ थाने के घेराव का ऐलान किया गया है।