सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र के केमिकलयुक्त पानी को जंगल में फैलाते पकड़ा, ग्रामीणों ने टैंकर पुलिस को सौंपा
मुरैना। सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों से निकलने वाले अपशिष्ट पानी को लेकर स्थानीय लोगों की जागरूकता का असर अब दिखाई देने लगा है। गुरुवार रात स्थानीय ग्रामीणों ने कथित तौर पर फैक्ट्री से निकले केमिकलयुक्त पानी को दूध के टैंकर में भरकर बाबा पटियाबाले बाबा क्षेत्र के जंगल में फैलाते हुए एक टैंकर को पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टैंकर में भरे पानी को जंगल क्षेत्र में डंप किया जा रहा था। ग्रामीणों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना नूराबाद थाना पुलिस को दी और टैंकर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
ग्रामीणों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक प्रदूषण के खिलाफ बढ़ती जागरूकता के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने टैंकर पकड़ने वाले ग्रामीणों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
ग्रामीणों की मांग है कि औद्योगिक इकाइयां अपने अपशिष्ट पानी के निपटारे के लिए स्थायी व्यवस्था करें और एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) जैसी आवश्यक व्यवस्था स्थापित करें, ताकि बिना उपचार के गंदा या रासायनिक पानी जंगलों, नालों और नदियों में न पहुंचाया जाए।
मामले में पुलिस द्वारा टैंकर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। यह पानी किस फैक्ट्री से आया था और इसमें कौन से रसायन मौजूद हैं, इसकी पुष्टि जांच और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।
#मुरैना #morena #नूराबाद