एसडीआरएफ ने खोज निकाले खदान के गड्ढे में डूबे युवक व किशोर के शव, नहाने के लिए गड्ढे में उतरे थे दोनों👇
जौरा। माजरा गांव में खदान के पास बने गहरे गड्ढे में नहाने गए सहरिया समाज के एक युवक और एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव बरामद किए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जौरा पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को तीन लोग साइकिल से माजरा गांव की खदानों के पास नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान विकास और राजेश गहरे पानी में चले गए और डूब गए। तीसरा युवक चकुर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया। सूचना मिलते ही जौरा थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह बैस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले।
मृतकों में विकास की उम्र करीब 15 वर्ष और राजेश की उम्र 20 वर्ष से अधिक बताई गई है। दोनों जौरा की गल्ला मंडी प्रांगण में अपने परिवार के साथ रहते थे।
खदानों के खुले गड्ढों से हादसे का खतरा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खदानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि खदानों के पास कई स्थानों पर गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ है। सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से यहां हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और खनन विभाग से ऐसे खतरनाक गड्ढों को सुरक्षित कराने की मांग की है।