शराब ठेके से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला इलेक्ट्रीशियन का शव
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के सेवापुरी रेलवे स्टेशन के समीप गजापुर गांव में संचालित देशी शराब के ठेके से कुछ दूरी पर मंगलवार को सड़क किनारे एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। उसके पास ही उसकी बाइक खड़ी थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस युवक को हाथी बाजार स्थित राजकीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कपसेठी थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी अरविंद यादव (36), पुत्र स्वर्गीय इंद्रजीत यादव के रूप में हुई। अरविंद मुंबई में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से अपने व्यवसाय के सिलसिले में घर से निकला था। कुछ समय बाद उसकी मौत की सूचना मिली। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर परिजन असमंजस में हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले और न ही शराब पीने की गंध महसूस हुई। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जाता है कि अरविंद चार बच्चों का पिता था और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी पूजा देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
#letestअपडेट #LetestUpdate #UPNews #LETESTNEWS 👇👇