मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में जनसुनवाई संपन्न
150 से अधिक आवेदनों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान हुआ उद्यम संवाद
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को सेवढ़ा में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल ने भी आमजन के आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान 150 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री ने जनसुनवाई के दौरान आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, शासकीय विद्यालयों में पुस्तक एवं साइकिल वितरण सहित विभिन्न विषयों पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में नामांकन एवं ड्रॉपआउट की स्थिति की भी जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में हुआ उद्यम संवाद
जनसुनवाई के दौरान उद्यम संवाद का भी आयोजन किया गया। इसमें युवाओं एवं नागरिकों को स्वयं का उद्योग स्थापित करने तथा उसके विकास के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस दौरान श्री राहुल शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने शासन द्वारा प्रदान की गई सब्सिडी का लाभ लेकर कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किया है। वर्तमान में उनके द्वारा लगभग 7-8 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अन्य युवाओं को भी स्वयं का उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर युवा अपने स्वयं के उद्योग स्थापित कर न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#datia #दतिया #CMMadhyapradesh #jansamparkMP