स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्यों का निरीक्षण किया कलेक्टर श्री यादव ने पोर्टल संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान कराया
==
स्वामित्व योजना के तहत चल रहे कार्यों में लापरवाही होने पर होगी सख्त कार्रवाई
====
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव आज जिले के ग्राम पतलोनी और तेजगढ़ पहुंचे उन्होंने यहां पर स्वामित्व योजना के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लिया। ग्रामीण से चर्चा की और अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे और ई-गवर्नेंस मैनेजर महेश अग्रवाल को कार्य में आ रही दिक्कतों के संबंध में अवगत कराते हुए आज ही इसका निराकरण करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना के तहत चल रहे कार्य में राजस्व विभाग के पटवारी, आर.आई, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सभी संबंधितों को नाराजगी जताते हुए कहा कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय सीमा में निराकरण किया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारी कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व निरीक्षक और पटवारी को सख्त हिदायत दी कि काम में गति लाएं कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने जिले में विभिन्न केंद्रों एवं पंचायत भवनों में चल रही पंजीयन प्रक्रिया का जायजा लिया और जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को योजना के लाभों से अवगत कराया।
कलेक्टर श्री यादव ने शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के तहत जारी पंजीयन कार्यों का विभिन्न केंद्रों पर निरीक्षण कर निस्तारण की स्थिति जानी। उन्होंने पंचायत भवनों में नागरिकों के पंजीयन कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र पंजीयन पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया।
ई-केवाईसी एवं समग्र आईडी पोर्टल की दिक्कतों का तत्काल निराकरण,
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर ई-केवाईसी और समग्र आईडी से जुड़े पोर्टल के सुचारु रूप से न चलने के कारण पंजीयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को संज्ञान लिया गया। कलेक्टर ने इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए गवर्नेंस मैनेजर से संवाद कर तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया, ताकि केंद्रों पर पंजीयन कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके।
मालिकाना हक मिलने से आर्थिक सुदृढ़ता एवं विवादों से बचाव
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि सभी लोग शीघ्रता से अपना पंजीयन कराएं, जिससे संपत्ति पर वैधानिक मालिकाना हक प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा स्वामित्व अधिकार मिलने से आवश्यकता पड़ने पर संपत्ति पर ऋण (लोन) लेने, उसे गिरवी रखने तथा उसका समुचित विकास करने की सुविधा मिलती है। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में स्पष्ट अभिलेख उपलब्ध रहने से अनावश्यक रूप से न्यायालय या कचहरी के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित धरोहर एवं शांतिपूर्ण विकास
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि स्पष्ट अभिलेख और पंजीयन होने से नागरिक शांतिपूर्ण ढंग से अपने घर एवं संपत्ति का विकास कर सकते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से आह्वान किया कि वे पंजीयन एवं रजिस्ट्री की प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराकर अपने बच्चों के लिए एक सुरक्षित और स्पष्ट सौगात तैयार करें।
Damoh, Madhya Pradesh | Nov 27, 2026