लखनऊ: कोर्ट मैरिज से नाराज भाइयों का तांडव, पति की जमकर पिटाई कर बहन को जबरन उठा ले गए
राजधानी लखनऊ के थाना सहादतगंज (पुराना चबूतरा) क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और चिंताजनक मामला सामने आया है। महज 500 मीटर की दूरी पर रहने वाले एक बालिग प्रेमी जोड़े द्वारा आपस में निकाह और कोर्ट मैरिज करने से नाराज लड़की के भाइयों ने जमकर तांडव मचाया। दबंग भाइयों ने पति की बेरहमी से पिटाई की और अपनी बहन को जबरन अपने साथ उठाकर ले गए।
शर्त न मानने पर की थी अपनी मर्जी से शादी
जानकारी के मुताबिक, लड़की के परिजन शादी के लिए यह शर्त रख रहे थे कि लड़का उनके घर पर रहे। लड़के द्वारा इस शर्त से इंकार करने पर दोनों बालिगों ने अपनी आपसी रजामंदी से निकाह और कोर्ट मैरिज कर ली थी। इस शादी से लड़की के घरवाले सख्त नाराज चल रहे थे।
घर लौटते ही 15 दिन में वारदात को दिया अंजाम
शादी के तुरंत बाद दोनों सुरक्षा के लिहाज से शहर से बाहर चले गए थे। लगभग 2 महीने बाहर बिताने के बाद जब वे पुराना चबूतरा स्थित अपने घर वापस लौटे, तो महज 15 दिनों के भीतर ही लड़की के भाइयों और उनके साथ आए दबंगों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला।
रात के अंधेरे में हमला और अपहरण
बीती रात लड़की के भाइयों ने कुछ अन्य दबंगों के साथ मिलकर घर पर धावा बोल दिया और पति के साथ मारपीट करते हुए बहन का जबरन अपहरण कर लिया। पीड़ित पति ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए पुलिस और प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा तथा पत्नी को सकुशल वापस कराने की गुहार लगाई है।
Hardoi, Hardoi | Oct 5, 2026