लखनऊ: नदी नहीं, यह फैजुल्लागंज है! भीषण जलभराव से पलायन को मजबूर हुए लोग
राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में जलभराव के कारण स्थिति बेहद भयावह हो चुकी है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने सड़कों और गलियों को नदी में तब्दील कर दिया है, जिससे क्षेत्र का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
घरों में ताला लगाकर पलायन को मजबूर लोग
फैजुल्लागंज में पानी का भराव इतना बढ़ गया है कि लोगों के घरों के भीतर तक जलस्तर पहुँच चुका है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि स्थानीय निवासियों को अपने घरों पर ताले लगाकर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। कई परिवारों के सामने अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की तलाश करने की मजबूरी आन खड़ी हुई है।
नावों के सहारे आवाजाही
क्षेत्र में आवागमन के तमाम रास्ते बंद होने की वजह से लोग नावों का सहारा लेकर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं। जलभराव से उत्पन्न संकट के कारण स्थानीय निवासियों में डर और नाराजगी का माहौल है।
प्रशासनिक दावों की खुली पोल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन कोई ठोस समाधान नजर नहीं आ रहा है। बाढ़ जैसे इन हालातों ने जिम्मेदार महकमों के निकासी दावों की कलई खोलकर रख दी है।
Hardoi, Hardoi | Oct 5, 2026