विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए नशामुक्त युवा आवश्यक
जिला स्तरीय युवा संसद में युवाओं ने व्यक्त किए विचार
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत, जिला मंडला द्वारा मंगलवार को झंकार भवन, जिला न्यायालय रोड, मंडला में “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा” विषय पर जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों से आए युवाओं ने सहभागिता करते हुए नशे के दुष्परिणामों एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम एवं कमांडेंट, एसडीआरएफ मंडला श्री हेमराज परस्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन जिला युवा अधिकारी श्री भुवन सिंह सोलंकी के मार्गदर्शन में किया गया।
युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना था। प्रतिभागियों ने नशे की प्रवृत्ति से उत्पन्न व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों तथा इसके नियंत्रण में युवाओं की भूमिका पर तार्किक एवं प्रभावी ढंग से विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल में श्री अरविंद कुमार शुक्ला, श्री संजय सिंगौर, श्री बी.एल. टेमरे, श्री शैलेश कुमार जायसवाल एवं श्री अखिलेश पांडे शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा विषय की समझ, विचारों की मौलिकता, तार्किक प्रस्तुति, अभिव्यक्ति कौशल एवं आत्मविश्वास के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में श्री समीर विश्वकर्मा ने प्रथम, श्री निशांत जंघेला ने द्वितीय तथा सुश्री सुरंजना पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से नशे के विरुद्ध जनजागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। युवा संसद के माध्यम से समसामयिक सामाजिक विषयों पर युवाओं को विचार-विमर्श एवं अभिव्यक्ति का मंच उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
45 views | Mandla, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026