प्रशासन पूरी तरह सजग, अवैध शराब कारोबार पर लगातार निगरानी- कलेक्टर श्री यादव
===
रहली के बलेह गांव से शराब लाने की सूचना पर प्रशासन अलर्ट,
====
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
===
शराब के संदिग्ध बैच की बिक्री पर रोक, लैब रिपोर्ट आने के बाद ही बिक्री की अनुमति
===
अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,
==
कई स्थानों पर दबिश देकर शराब जब्त
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा एक प्रकरण संज्ञान में आने के बाद प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार रहली के बलेह गांव से शराब लेकर आने की बात सामने आई थी। संबंधित व्यक्ति हरदुआ गांव के निवासी हैं, जिन्हें स्वास्थ्य खराब होने पर उपचार के लिए भर्ती कराया गया तथा स्थिति गंभीर होने पर रात में रेफर किया गया।
कलेक्टर श्री यादव ने मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम, आबकारी अधिकारी, तहसीलदार और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन की संयुक्त टीम को संबंधित क्षेत्र में भेजा। टीम द्वारा अवैध शराब के कारोबार और बाहरी लोगों द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों की आशंका वाले स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई। इस दौरान कई स्थानों से अवैध शराब भी जब्त की गई। कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा प्रशासन द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। पूर्व में भी शिकायतों के आधार पर करीब 12 शराब दुकानों पर लगभग 8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। वहीं 6 दुकानों को निलंबित तथा 1 दुकान का लाइसेंस निरस्त किया गया था। इन दुकानों के संबंध में अवैध शराब बिक्री, निर्धारित स्थान के अलावा अन्य स्थानों से संचालन तथा गलत दरों पर शराब बिक्री जैसी शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
श्री यादव ने कहा समय रहते की गई कार्रवाई के कारण वर्तमान में जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और व्यवस्थित है। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण एवं निगरानी कराई जा रही है।
उन्होंने कहा जिस बैच की शराब को लेकर मामला सामने आया है, उसकी बिक्री को फिलहाल विधिवत रोक दिया गया है। लैब से टेस्ट रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित बैच की शराब का विक्रय नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई एवं बिक्री के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। कलेक्टर ने कहा आमजन की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा हर संभव सावधानी बरती जा रही है।