मानावतो का गुड़ा में सड़क किनारे पलटी फॉर्चुनर, मिला 74 लाख का अवैध डोडा चुरा
#rajsamandnews
राजसमंद। जिले में चारभुजा थाना क्षेत्र के मानावतो का गुड़ा- निचला घाटड़ा के समीप बेकाबू फॉर्चुनर कार पलट गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो उसमें 74 लाख का अवैध डोडा चुरा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। कार से एक पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि चारभुजा के मानावतो का गुड़ा में कार खड्डे में पलटी मिली। सूचना पर कार्यवाहक चारभुजा थाना प्रभारी सुबोध जांगीड़, एएसआई मदनलाल, हैड कांस्टेबल लक्ष्मणलाल, जेठाराम, चुनाराम, प्रभुलाल, दिनेश व महिपालदान तथा पाली जिले के डीएसटी प्रभारी राजेंद्रसिंह व राजसमंद डीएसटी प्रभारी केशाराम ने कार की तलाशी ली। उसमें 489 किलो डोडा चुरा मिला, जिसकी बाजार कीमत 74 लाख से अधिक है। साथ ही पुलिस ने कार सहित उसमें से 1 पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गए। इस पर चारभुजा थाने में एनडीपीएस एक्ट के साथ आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया। अब इस प्रकरण की अग्रिम जांच केलवाड़ा थाना प्रभारी तेजकरण चारण द्वारा की जा रही है।
Rajsamandnews
Rajsamandpolice
Jaivardhannews
Nathdwara, Rajsamand | Nov 22, 2026