**टोंस नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, चाचा-भतीजे की डूबकर मौत**
**कौंधियारा, प्रयागराज।** कौंधियारा थाना क्षेत्र के पटलेश्वर मंदिर के पास टोंस नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में डूबने से चाचा-भतीजे राहुल पांडेय (20) और अमित पांडेय (22) की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, मूर्ति विसर्जन के दौरान चाचा राहुल के डूबने पर भतीजे अमित ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी के तेज बहाव में दोनों बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान दीवान का पूरा, देवरा गांव निवासी राहुल पांडेय (20), जो 12वीं का छात्र था, और अमित पांडेय (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
Bara, Allahabad | Oct 21, 2026