#बलरामपुर पुलिस लाइन में भक्ति और उल्लास के साथ मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, डीएम व एसपी रहे मौजूद...
#बलरामपुर। जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 4 और 5 सितंबर की मध्य रात्रि आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी विपिन जैन तथा पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कर देश व प्रदेश की समृद्धि की कामना की।
जन्मोत्सव के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी और बाल गोपाल के भव्य श्रृंगार ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन प्रसंगों पर आधारित नृत्य व भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस परिवार को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्तव्य, धर्म और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी ललिया डी.के. श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइंस डॉ. जितेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद के सभी थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
#balrampur #balrampurpolic #spbalrampur #dmbalrampur
Balrampur, Balrampur | Sep 5, 2026