बूंद-बूंद सिंचाई से होगा अधिक उत्पादन
माना में कृषक संगोष्ठी - 100 किसानों को सूक्ष्म सिंचाई और 45 से 55 प्रतिशत अनुदान की दी जानकारी
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशानुसार कुण्डालिया प्रेशराइज्ड इरीगेशन परियोजना के सिंचित क्षेत्र में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप) का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार, 25 नवम्बर 2026 को सुसनेर विकासखण्ड के ग्राम माना में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में ग्राम माना एवं आसपास के क्षेत्रों के लगभग 100 कृषक शामिल हुए।
संगोष्ठी में कृषि विज्ञान केन्द्र (KVK) आगर से वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.पी.एस. शक्तावत एवं डॉ. मनीष ने किसानों को पारंपरिक सिंचाई के स्थान पर आधुनिक सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों — जैसे ड्रिप, मिनी स्प्रिंकलर एवं पोर्टेबल स्प्रिंकलर — के उपयोग और तकनीकी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने बताया कि लहसुन, प्याज, संतरा एवं गेहूं जैसी प्रमुख फसलों में सूक्ष्म सिंचाई अपनाने से न केवल 30 से 50 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है, बल्कि उर्वरकों का सटीक उपयोग (फर्टिगेशन), खरपतवार नियंत्रण और फसल की गुणवत्ता व उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
कार्यक्रम में उद्यानिकी विभाग से श्री मुकेश कुमार सैनी एवं श्री अरविंद परमार ने किसानों को योजना के तहत देय 45 से 55 प्रतिशत तक के शासकीय अनुदान तथा उद्यानिकी विभाग के MPFSTS पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।
इस अवसर पर कुण्डालिया परियोजना से श्री मनीष पाटीदार एवं सिंचाई परियोजना प्रबंधन कंपनी साईं संकेत से श्री घनश्याम सोलंकी भी उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
Department of Horticulture, Madhya Pradesh
#agarmalwa
#आगरमालवा
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Nov 25, 2026