🚨 अमलतास अस्पताल के अपशिष्ट पानी पर गंभीर सवाल! खेतों से होता हुआ प्राचीन दत्त मंदिर परिसर तक पहुंचा गंदा पानी, क्षिप्रा नदी की स्वच्छता पर भी उठे सवाल ...
देवास। ग्राम बांगर स्थित अमलतास अस्पताल से निकलने वाले अपशिष्ट पानी के निस्तारण को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत है कि अस्पताल का गंदा पानी खेतों में छोड़ा जा रहा है, जो बहकर प्राचीन दत्त मंदिर के मैदान तक पहुंच रहा है। मौके पर खेतों और मंदिर परिसर के आसपास पानी जमा दिखाई दिया।
दत्त मंदिर के पुजारी का आरोप है कि पिछले करीब आठ वर्षों से अस्पताल का अपशिष्ट पानी समय-समय पर रात में बाहर छोड़ा जा रहा है। कई बार प्रबंधन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। अगले महीने दत्त जयंती के अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन होना है, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर परिसर में बोरिंग भी मौजूद है। ऐसे में अपशिष्ट पानी के जमाव से आसपास के जलस्रोतों और बोरिंग के पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से निकलने वाला पानी ग्राम पुआडलिया के आगे नागधमन नदी में छोड़े जाने की बात सामने आई है। यहां से आगे क्षिप्रा नदी तक पानी पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में अस्पताल के अपशिष्ट पानी के निस्तारण और क्षिप्रा नदी की स्वच्छता को लेकर जांच जरूरी हो गई है। मामले में अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया। अब मांग उठ रही है कि जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण करें। एसटीपी, पानी के निकास मार्ग, नागधम्मन नदी और दत्त मंदिर की बोरिंग के पानी की गुणवत्ता की जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए।
आखिर अस्पताल के अपशिष्ट पानी का निस्तारण किस तरह हो रहा है? क्या दत्त मंदिर परिसर और आसपास के जलस्रोत सुरक्षित हैं? क्षिप्रा नदी तक पहुंचने वाले पानी की जांच कौन करेगा? और सबसे बड़ा सवाल, प्रशासन इस मामले में कार्रवाई कब करेगा ?