स्ट्रांग रूम बना रणक्षेत्र, विधायक समर्थकों और पूर्व विधायक समर्थकों में मारपीट!!
मतपेटियों पर पर्दा लगाने को लेकर विवाद, धरने के बाद हाईवे पर भी हंगामा!! पुलिस ने फटकारी लाठियां!!
किच्छा। ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में मंगलवार शाम मतगणना स्थल नवीन मंडी परिसर में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब स्ट्रांग रूम में रखी मतपेटियों पर पर्दा लगाए जाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि विधायक तिलकराज बेहड़ मतपेटियों के आसपास पर्दा लगाए जाने का विरोध कर रहे थे। उनकी मांग थी कि पर्दे के बजाय जाली लगाई जाए, ताकि स्ट्रांग रूम की व्यवस्था स्पष्ट रूप से दिखाई देती रहे। इसी मुद्दे को लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
विवाद के बाद विधायक तिलकराज बेहड़ अपने समर्थकों के साथ नवीन मंडी परिसर में धरने पर बैठ गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों में फिर कहासुनी और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया।
विधायक बेहड़ की ओर से आरोप लगाया गया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के एक करीबी ने कांग्रेस प्रत्याशी के साथ हाथापाई की, जिसके बाद मामला और बिगड़ गया। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच भी मारपीट होने की बात सामने आई। घटना में कुछ लोगों के घायल होने और एक व्यक्ति के बेहोश होने की सूचना है।
तनाव बढ़ने पर पुलिस ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को मौके से हिरासत में लेकर दूसरे स्थान पर भेज दिया। इसके बाद विधायक तिलकराज बेहड़ भी गिरफ्तारी देने के लिए धरना स्थल से बाहर आ गए। उनके बाहर आने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर भी हंगामे की स्थिति बन गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां फटकारीं।
नवीन मंडी परिसर में देर शाम तक तनाव की स्थिति बनी रही। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थकों में आक्रोश है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।