कृत्रिम पैर के सहारे केदारनाथ पैदल यात्रा के बाद बदरीनाथ धाम पहुंचीं नेहा भट्ट!!
अदम्य इच्छाशक्ति और अटूट आस्था की मिसाल बनीं दिव्यांग नेहा, बीकेटीसी सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती ने भगवान बदरी विशाल के कराए दर्शन!!
अदम्य इच्छाशक्ति, दृढ़ संकल्प और भगवान के प्रति अटूट आस्था के बल पर दिव्यांग नेहा भट्ट ने एक बार फिर प्रेरणादायी मिसाल पेश की है। कृत्रिम पैर के सहारे श्री केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा पूरी करने के बाद नेहा भट्ट मंगलवार को बदरीनाथ धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती ने नेहा भट्ट का स्वागत करते हुए उन्हें भगवान बदरी विशाल के पावन मंदिर तक पहुंचाया और दर्शन कराए। इस दौरान धाम में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी नेहा के साहस और संकल्प की सराहना की।
कृत्रिम पैर के सहारे कठिन हिमालयी यात्रा को पूरा करना अपने आप में चुनौतीपूर्ण है, लेकिन नेहा ने इसे अपनी आस्था और इच्छाशक्ति के आगे बाधा नहीं बनने दिया।
डॉ. विनीत पोस्ती ने कहा कि नेहा भट्ट का साहस और भगवान के प्रति उनका अटूट विश्वास समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सच्ची आस्था और दृढ़ संकल्प के सामने कठिन से कठिन राह भी आसान हो जाती है।
नेहा की बदरीनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धा और भावनाओं से भरा वातावरण देखने को मिला। उनका यह सफर केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि हौसले, आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति की ऐसी प्रेरक कहानी है, जो यह संदेश देती है कि मन में संकल्प हो तो शारीरिक चुनौतियां भी मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकतीं।