बेतिया में स्कूली बच्चों को दिया जा रहा शतरंज का प्रशिक्षण, बौद्धिक क्षमता को मिलेगा बढ़ावा, जिला खेल कार्यालय एवं चंपारण शतरंज अकादमी की संयुक्त पहल, संत जेवियर्स स्कूल में प्रशिक्षण शुरू...
बेतिया में स्कूली बच्चों की बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करने के उद्देश्य से जिला खेल कार्यालय, पश्चिम चंपारण एवं चंपारण शतरंज अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में संत जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल, बेतिया में शतरंज प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के फादर आर्मस्ट्रांग एडिसन ने किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को शतरंज के बुनियादी नियमों, मोहरों की चाल, रणनीति बनाने और प्रतिद्वंद्वी की चालों का आकलन करने की जानकारी दी जा रही है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में तार्किक सोच, धैर्य, अनुशासन और समस्याओं का समाधान करने की क्षमता विकसित करना है। प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल बच्चों को एकाग्र रहने और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल विभाग बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।