पश्चिम चंपारण के 3.95 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 44.88 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने DBT के माध्यम से हस्तांतरित की पेंशन राशि, लाभार्थियों को मिल रहे 1100 रुपये प्रतिमाह...
बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पश्चिम चंपारण जिले के 3,95,298 लाभार्थियों के बैंक खातों में 44 करोड़ 88 लाख 11 हजार 600 रुपये हस्तांतरित किए गए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पेंशन राशि भेजी। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बेतिया समाहरणालय स्थित NIC कक्ष में किया गया। राज्य सरकार की व्यवस्था के अनुसार, प्रत्येक महीने की 10 तारीख को लाभार्थियों के खातों में पेंशन राशि भेजी जा रही है। इसके तहत वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को 1,100 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि पेंशन राशि में वृद्धि और समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों के लिए महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इससे लाभार्थियों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ सम्मानपूर्वक जीवनयापन करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेंशन भुगतान में आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। वहीं, लाभार्थियों ने पेंशन राशि में वृद्धि और नियमित भुगतान की व्यवस्था पर प्रसन्नता जताई।