प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण का जलवा, 47 पदक जीतकर तलवारबाजी में रचा इतिहास...
बेतिया में प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में पश्चिम चंपारण के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। तलवारबाजी में खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण, 15 रजत और 23 कांस्य सहित कुल 47 पदक हासिल किए। वहीं, एथलेटिक्स, फुटबॉल, भारोत्तोलन और शतरंज में भी जिले के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। एथलेटिक्स में बालिका वर्ग की मुस्कान ने लंबी कूद और हाई जंप, शीतल ने 1500 मीटर दौड़, कोमल ने 100 मीटर दौड़ तथा अनु ने गोला फेंक, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीता। गीता, रागिनी और प्रीति ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। बालक वर्ग में युसूफ, नूर आलम और आयुष आर्य ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। फुटबॉल में अंडर-19 बालिका टीम विजेता रही, जबकि बालक टीम उपविजेता बनी। भारोत्तोलन में भी खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। वहीं, शतरंज की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है। प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की सफलता से जिले के खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है।