सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स का सात दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
मुरैना जिले में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स का सात दिवसीय प्रशिक्षण 21 से 27 अगस्त 2026 तक नगर निगम मुरैना के सभागार में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का शुभारंभ अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत ने किया। इस अवसर पर जिला सेनानी होमगार्ड श्री ए.के. सूद, कंपनी कमांडर, प्लाटून कमांडर तथा राज्य आपदा आपातकालीन बल (एसडीईआरएफ) के सदस्य उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस निर्धारित प्रशिक्षण रूपरेखा के अनुसार वॉलंटियर्स को सिविल डिफेंस की आवश्यकता, भूमिका एवं दायित्वों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। वॉलंटियर्स को बताया गया कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है तथा ऐसे समय में त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्यवाही के माध्यम से जनहानि को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान भगदड़ की स्थिति में बचाव एवं भीड़ प्रबंधन, सर्पदंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। वॉलंटियर्स को आपदा की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए प्रभावित लोगों तक सुरक्षित एवं त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए आवश्यक सावधानियों और कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।
सात दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए आवश्यक सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे प्रशासन एवं बचाव दल के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena Jansampark Madhya Pradesh
31 views | Morena, Madhya Pradesh | Aug 22, 2026