सियार के हमले में तीन स्कूली बच्चों समेत पांच लोग घायल।
मुरैना: जौरा विकासखंड के कुम्हेरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सियार के हमले से तीन स्कूली बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि स्कूल में बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चे पानी पीने के लिए हनुमान मंदिर के पास लगे हैंडपंप पर गए थे। इसी दौरान सियार ने बच्चों पर हमला कर दिया। बच्चों को बचाने पहुंचे लोगों पर भी सियार ने हमला कर दिया।
स्कूल प्राचार्य द्वारा पानी और बिजली की समस्या को लेकर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समाधान नहीं निकला। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता है कि यदि जल्द समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
जिला प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर स्कूल में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्र में सियार से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई है।