निमाड़ उत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खेलों का भी उत्साह
________________
कबड्डी में बालक वर्ग में मां नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब करही और बालिका वर्ग में संस्कार वैली नांद्रा विजेता
________________
मेहंदी प्रतियोगिता के शालेय एवं ओपन वर्ग के विजेताओं को भी किया जाएगा सम्मानित
________________
गुरुवार को होगी कुश्ती प्रतियोगिता, पहलवान दिखाएंगे अपना दमखम
________________
खरगोन 25 नवंबर 2026। निमाड़ उत्सव 2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। उत्सव के शुभारंभ अवसर पर निमाड़ उत्सव रैली निकाली गई। इसके बाद बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कबड्डी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में मां नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब करही विजेता तथा जय सियाराम क्लब खराड़ी उपविजेता रहा। वहीं बालिका वर्ग में संस्कार वैली नांद्रा ने प्रथम तथा मां नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब करही ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को उत्सव के अंतिम दिन पुरस्कृत किया जाएगा।
उत्सव के अंतर्गत आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता के शालेय वर्ग में अंजली-मोतीलाल वर्मा ने प्रथम, हर्षिता-संतोष गावड ने द्वितीय तथा डिम्पी-राकेश सेन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओपन वर्ग में शीतल-ब्रजेश शिवदे प्रथम, श्रीमती पल्लवी-मनीष वर्मा द्वितीय तथा मिस्बा-आसिफ खान तृतीय स्थान पर रहे।
जनजातीय विभाग के खेल अधिकारी श्री दीपक वाघ ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। उत्सव के अंतर्गत गुरुवार को स्थानीय मैदान पर कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें पहलवान अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
#JansamparkMP #khargone