सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी’
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को किया रवाना, राष्ट्रीय एकता की दिलाई शपथ
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की एकजुटता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता के बल पर देश की रियासतों का एकीकरण कर मजबूत भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इसी योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाना प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का विषय है।
विधायक ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन देशवासियों में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा, एएसपी दीपिका अग्रवाल, एसडीएम दलबीर सिंह और सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Rewari, Rewari | Oct 31, 2026