Writing
कपाल मोचन मेले का श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ शुभारंभ, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी 187 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
यमुनानगर। हरियाणा की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेले का शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कपाल मोचन मेला आस्था, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। यहां विभिन्न धर्मों और संप्रदायों के श्रद्धालु एक साथ पहुंचकर आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरु घर में माथा टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद हवन-यज्ञ के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को 187 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। साथ ही कपाल मोचन, आदिबद्री सहित चार प्रमुख तीर्थ स्थलों के विकास के लिए श्राइन बोर्ड के गठन की जानकारी दी।
मेले के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने कपाल मोचन, ऋण मोचन तथा सूरजकुंड सरोवरों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ तीर्थ स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दे रही है।
कपाल मोचन मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ हरियाणा की समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और आपसी भाईचारे का संदेश भी देता है।