टड़ियावां के आशा गांव में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम, 200 पंचायतों को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प
हरदोई (टड़ियावां)। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट हरदोई एवं पेस संस्था उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में समाधान अभियान के सहयोग से टड़ियावां ब्लॉक के आशा गांव में मिशन शक्ति के अंतर्गत बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम, बाल अधिकारों की सुरक्षा और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति हरदोई के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि देश की आबादी को सक्षम बनाने का जो सपना स्वामी विवेकानंद ने देखा था और जिसकी संकल्पना डॉ. भीमराव आंबेडकर ने की थी, उन आदर्शों को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विशिष्ट अतिथि बाल संरक्षण अधिकारी पिंकी सिंह ने सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह से प्रभावित बालिकाओं को योजनाओं का लाभ दिलाकर शिक्षा से जोड़ने के उदाहरण भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान पेस संस्था की ओर से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, पुलिस विभाग की ओर से पॉक्सो एक्ट पर केंद्रित जागरूकता फिल्म 'बढ़ते बच्चे' दिखाई गई। उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सीतापुर से सर्वेश शुक्ला, शाहजहांपुर से गोपाल मिश्रा और हरदोई से अवनीश मिश्रा सहित विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने बाल विवाह की रोकथाम के साथ ही आपातकालीन सहायता नंबर 1098 और 112 के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन समाधान अभियान की निदेशक सौम्या द्विवेदी ने किया। संस्था की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जनजागृति के माध्यम से जनपद की 200 पंचायतों को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर कोतवाली देहात के इंस्पेक्टर समर सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी रमेश चंद्र द्विवेदी, हरि श्याम वर्मा, सुमित कुमार, अनूप कुमार तिवारी, वन स्टॉप सेंटर की सुरभी सिंह, पेस संस्था की सचिव राजविंदर कौर, समाधान अभियान के कोऑर्डिनेटर सूरज, वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश पाल सिंह, ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 18, 2026