गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत तीन वृंदावन ग्रामों में हुई दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता
-
टीकमगढ़ जिले के तीन पशुपालकों ने प्राप्त किया प्रथम पुरस्कार, प्रत्येक को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि
-
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में चयनित वृंदावन ग्रामों में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विशाल धाकड़ के मार्गदर्शन में 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक विधानसभा टीकमगढ़ के ग्राम राधापुर, विधानसभा जतारा के ग्राम बम्हौरीकलां तथा विधानसभा खरगापुर के ग्राम डुम्बार को वृंदावन ग्राम के रूप में चयनित कर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कृषि विभाग, जनपद पंचायत एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की सहभागिता से निर्धारित मापदंडों के अनुसार पारदर्शी तरीके से किया गया।
विकासखंड पलेरा के ग्राम बम्हौरीकलां में आयोजित प्रतियोगिता में 8 पशुपालकों ने भाग लिया। इसमें श्री अनिल प्रजापति की गाय ने औसतन 8.873 लीटर दुग्ध उत्पादन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। श्री खेमचंद कुशवाहा की गाय ने 8.290 लीटर औसत दुग्ध उत्पादन कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 50 हजार रुपये तथा श्री महेश कुमार अहिरवार की गाय ने 7.110 लीटर औसत दुग्ध उत्पादन कर तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसी प्रकार विकासखंड बल्देवगढ़ के ग्राम डुम्बार में आयोजित प्रतियोगिता में 7 पशुपालकों ने सहभागिता की। इसमें श्रीमती सुनीता पांडेय की गाय ने औसतन 9.690 लीटर दुग्ध उत्पादन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। श्री पुष्पेंद्र यादव की गाय ने 6.820 लीटर औसत दुग्ध उत्पादन कर द्वितीय तथा श्री जगदीश यादव की गाय ने 6.410 लीटर औसत दुग्ध उत्पादन कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों को क्रमशः 50 हजार एवं 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
विकासखंड टीकमगढ़ के ग्राम राधापुर में आयोजित प्रतियोगिता में 6 पशुपालकों ने भाग लिया। इसमें श्री मन्नू लोधी की गाय ने औसतन 13.480 लीटर दुग्ध उत्पादन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। श्री दूधलाल पाल की गाय ने 9.493 लीटर औसत दुग्ध उत्पादन कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में निर्धारित मापदंडों के अनुसार दुग्ध दोहन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। पशुपालकों को बेहतर पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया गया। उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं पशुपालकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh