**संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, पेड़ से लटकता मिला शव; दहेज प्रताड़ना का आरोप**
**मेजा, प्रयागराज।** मेजा थाना क्षेत्र के सिरसा चौकी अंतर्गत उपरोड़ा गांव में 21 वर्षीय नवविवाहिता सीता निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव नीम के पेड़ से लटकता मिला। मृतका की पहचान धीरज निषाद की पत्नी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी मेजा और थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय पुलिस व महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय और एसीपी मेजा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Bara, Allahabad | Oct 18, 2026