घूरपुर में बंद पड़ी ग्लास फैक्ट्री के कब्जे में ग्राम सभा का रास्ता होने का आरोप, ग्रामीणों ने कराई नाप-जोख
किसानों की भूमिधरी जमीन से होकर आने-जाने को मजबूर थे ग्रामीण, पुलिस प्रशासन, लेखपाल और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में हुई पैमाइश
प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र में बंद पड़ी ग्लास फैक्ट्री को लेकर ग्राम सभा के रास्ते पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक द्वारा ग्राम सभा के कई नाली चक मार्ग पर लंबे समय से कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया गया था। इसके चलते गांव के लोगों को काफी दिनों से आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। ग्रामीणों को मजबूरन किसानों की भूमिधरी जमीन से होकर रास्ता बनाकर आना-जाना पड़ रहा था।
मंगलवार को इस समस्या को लेकर ग्रामीण और किसान एकत्रित हुए। ग्रामीणों की पहल पर पुलिस प्रशासन, क्षेत्रीय लेखपाल एवं ग्राम प्रधान की मदद से विवादित रास्ते की नाप-जोख कराई गई। पैमाइश के दौरान ग्रामीणों ने दावा किया कि ग्राम सभा के चक मार्ग पर अतिक्रमण किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से किसानों और आम नागरिकों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब प्रशासनिक स्तर पर नाप-जोख होने के बाद ग्रामीणों में रास्ता खुलने की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार ग्राम सभा के रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराकर आम जनता के आवागमन के लिए खोला जाए, ताकि लोगों को निजी भूमिधरी जमीन से होकर आने-जाने की मजबूरी से निजात मिल सके।
अब देखना यह है कि पैमाइश के बाद प्रशासन रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए क्या कार्रवाई करता है।