विधान परिषद चुनाव को लेकर एसडीएम सदर ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
हरदोई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने विधान परिषद चुनाव के दृष्टिगत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदेय स्थलों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
एसडीएम सदर ने ब्लॉक बावन मुख्यालय स्थित दो मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। यहां खंड स्नातक निर्वाचन के लिए एक तथा खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए एक बूथ निर्धारित है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी बावन को मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई में बनाए जाने वाले मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। यहां खंड स्नातक निर्वाचन के लिए सात तथा खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए एक बूथ निर्धारित किया गया है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि इसी क्रम में तहसील सदर के अंतर्गत ब्लॉक हरियावां, पिहानी, टड़ियावां, अहिरोरी और सुरसा के अलावा बिलग्राम तहसील के सांडी सहित अन्य मतदान केंद्रों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने चुनाव की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
Bilgram, Hardoi | Oct 20, 2026