ढोल-नगाड़ों और धार्मिक झांकियों के साथ निकली मां भगवती की विसर्जन शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा सांडी नगर
हरदोई। सांडी कस्बे में विजयदशमी के अवसर पर मां भगवती की प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा धूमधाम और भक्तिमय माहौल में निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आकर्षक धार्मिक झांकियों और मां के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
नगर के प्राचीन मां मंगला शक्तिपीठ मंदिर और बाबा कमलेश्वर नाथ महादेव मंदिर से निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोपहर 12 बजे से नगर के प्रमुख मार्गों और स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान जय माता दी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा के समापन पर मां भगवती की प्रतिमाओं का गरुड़ गंगा में विसर्जन किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी पुष्पराज कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई।
रिपोर्ट: देवेंद्र सिंह
Bilgram, Hardoi | Oct 20, 2026