यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 244 वाहनों के चालान, 6.19 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित
ढोलना, रोडवेज बस स्टैंड और नदरई गेट पर एआरटीओ ने चलाया चेकिंग अभियान, एक बुलेट मोटरसाइकिल सीज
कासगंज। यातायात माह नवंबर एवं सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत गुरुवार को कस्बा ढोलना, रोडवेज बस स्टैंड तथा नदरई गेट पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एआरटीओ राम प्रकाश मिश्र के साथ संयुक्त रूप से चलाए गए इस अभियान में कुल 244 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इन पर ऑनलाइन शमन शुल्क के रूप में 6 लाख 19 हजार 500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) न होने, खराब नंबर प्लेट, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने, बिना फिटनेस तथा बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के वाहन संचालित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रेशर हॉर्न लगे सात वाहनों तथा मोडिफाइड साइलेंसर लगे चार दोपहिया वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर दो वाहनों के चालान किए गए। दोपहिया इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले 40 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर लगी एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज किया गया।
वहीं कस्बा ढोलना स्थित राणा इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को पंपलेट वितरित किए गए तथा यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। साथ ही साइबर अपराध एवं महिला संबंधी अपराधों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
रोडवेज बस स्टैंड एवं नदरई गेट के समीप सड़क पर खड़े होने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को भी जागरूक करते हुए सड़क पर वाहन खड़े न करने की हिदायत दी गई। उन्हें बताया गया कि सड़क पर ऑटो और ई-रिक्शा खड़े होने से यातायात बाधित होता है। भविष्य में सड़क पर वाहन खड़े पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।