समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*_प्रेस विज्ञप्ति_*
दिनांक : 16.09.2026
माननीय सांसद दिनेश चंद्र यादव की **अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित*
*सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट के सुधार, यातायात व्यवस्था एवं 4-ई के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई* *विस्तृत समीक्षा**
मधेपुरा। आज दिनांक 16 सितंबर 2026 को माननीय सांसद, 13-मधेपुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र श्री दिनेश चंद्र यादव की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक में सुपौल लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद श्री दिलेश्वर कामैत, माननीय सदस्य बिहार विधानसभा, सिंहेश्वर एवं बिहारीगंज, जिला पदाधिकारी मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त, नगर परिषद मधेपुरा एवं उदाकिशुनगंज के मुख्य पार्षद, समिति के सदस्यगण तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित क्रियाकलापों एवं सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की नियमित निगरानी, दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की पहचान एवं उनके वैज्ञानिक अध्ययन, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान तथा ब्लैक स्पॉट के सुधार से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यकतानुसार इंजीनियरिंग एवं अन्य प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
माननीय सांसद ने सड़क सुरक्षा के *4-ई—शिक्षा (Education),* *प्रवर्तन (Enforcement), आपातकालीन देखभाल (Emergency Care) एवं* *इंजीनियरिंग (Engineering* )—के प्रभावी एवं समन्वित क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
बैठक में गति सीमा के प्रभावी अनुपालन, यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाने, सड़क संकेतकों एवं आवश्यक यातायात प्रबंधन उपायों को सुदृढ़ करने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त, सड़क दुर्घटना के समय पीड़ितों की सहायता के लिए आम नागरिकों को प्रेरित करने तथा ‘नेक व्यक्ति’ (Good Samaritan) की भूमिका को बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। सड़क दुर्घटना के बाद तत्काल सहायता उपलब्ध कराने वाले नागरिकों के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई।
समिति द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समन्वित, सतत एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सड़क सुरक्षा के उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए आमजन के जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निरंतर कार्य करें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar