समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 15 सितंबर, 2026
‘ *सबका सम्मान, जीवन आसान’ की भावना के साथ पंचायत स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान की पहल*
*तीसरे मंगलवार को जिले की सभी पंचायतों में आयोजित हुआ सहयोग शिविर, महेशुआ में डीएम एवं एसपी ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद*
मधेपुरा। आमजन को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का सहज लाभ उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 15 सितंबर 2026, मंगलवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ की भावना के साथ आयोजित इन शिविरों के माध्यम से पंचायत स्तर पर ही एक स्थान पर ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुनने, संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की पहल की जा रही है।
इसी क्रम में प्रखंड मधेपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत महेशुआ के पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा डॉ. संदीप सिंह ने स्वयं भाग लिया। दोनों पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर में ग्रामीणों द्वारा बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं एवं शिकायतें रखी गईं। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों, लंबित मामलों तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर भी ग्रामीणों ने अपनी बातें रखीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का मूल उद्देश्य प्रशासन को पंचायत स्तर तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का समाधान उनके निकट ही सुनिश्चित करना है। ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से जिला या प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित हो सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पादन की समय-सीमा निर्धारित कर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव नहीं है, उनमें नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए आवेदक को स्थिति से अवगत कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने भी ग्रामीणों से संवाद करते हुए कानून-व्यवस्था एवं पुलिस से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि सहयोग शिविर का आयोजन प्रत्येक माह तीसरे मंगलवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों को एक सहज एवं प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। इससे प्रशासन एवं आमजन के बीच संवाद और समन्वय मजबूत होने के साथ-साथ जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान को गति मिल रही है।
महेशुआ पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, मधेपुरा, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
7 views | Madhepura, Bihar | Sep 16, 2026