निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर विशेष अभियान दिवस आयोजित, पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर
महिला एवं युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए डोर-टू-डोर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
गया, 21 नवंबर 2026, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक समावेशी, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना तथा सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, निर्वाचक सूची में दर्ज विवरणों में सुधार कराने एवं अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान दिवसों का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- जिला पदाधिकारी, गया श्री शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में हरिदास सेमिनरी सभागार में सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), बीएलओ सुपरवाइजर एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत निर्धारित गतिविधियों, विशेष अभियान दिवसों की तैयारियों तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि जनसंख्या के अनुपात में निर्वाचक सूची में महिलाओं का नाम अपेक्षाकृत कम दर्ज है। इस अंतर को दूर करने के लिए सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं। जिन महिलाओं का नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उनकी पहचान कर उन्हें नाम पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि महिला मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना इस अभियान की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि इस आयु वर्ग के सभी पात्र युवाओं का नाम निर्वाचक सूची में दर्ज कराया जाए। विशेषकर ऐसे युवा, जो पहली बार मतदान करने के पात्र हो रहे हैं, उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दें तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची को अधिक व्यापक और समावेशी बनाया जा सकता है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के पूर्व के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान आप सभी ने काफी सराहनीय कार्य किया है। इसके अतिरिक्त बिहार विधानसभा आम निर्वाचन को भी आप सभी के सहयोग एवं समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इसके लिए सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित कर्मी विशेष रूप से धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि इसी प्रतिबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों को भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करें। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा मतदाता विवरण में संशोधन कराने की प्रक्रिया की जानकारी दें। उन्होंने बताया कि सभी बीएलओ को पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन प्रपत्रों के माध्यम से संबंधित आवेदन प्राप्त करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाएं।
विशेष अभियान दिवस की निर्धारित तिथियां निम्नवत हैं:
● प्रथम विशेष अभियान दिवस: 21 एवं 22 नवंबर 2026 (शनिवार एवं रविवार)।
● द्वितीय विशेष अभियान दिवस: 05 एवं 06 दिसंबर 2026 (शनिवार एवं रविवार)।
इन विशेष अभियान दिवसों के दौरान सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्था के तहत बीएलओ उपस्थित रहेंगे, ताकि नागरिकों को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं सुधार कराने की प्रक्रिया:
◆ फॉर्म-6: निर्वाचक सूची में नया नाम शामिल कराने हेतु।
◆ फॉर्म-7: निर्वाचक सूची में नाम हटाने अथवा किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने हेतु।
◆ फॉर्म-8: निर्वाचक सूची में दर्ज विवरण में सुधार, निवास स्थान परिवर्तन तथा अन्य अनुमन्य संशोधन हेतु।
नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर उपस्थित होकर बीएलओ के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अपील की कि वे विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाएं तथा अपना नाम निर्वाचक सूची में दर्ज कराना सुनिश्चित करें। जिन नागरिकों के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज हैं, वे भी अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि अथवा संशोधन की आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें।
उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, गया, उप निर्वाचन पदाधिकारी, गया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, गया, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
CMO Bihar Samrat Choudhary Information & Public Relations Department, Government of Bihar DD News Bihar Press Information Bureau - PIB, Government of India Election Commission of India
#VoterList2027 #ElectoralRoll #Democracy #GayaBihar #ElectionCommission
Gaya, Bihar | Nov 21, 2026