श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी पर प्रशासन अलर्ट, DM-SSP ने किया संयुक्त निरीक्षण
पहलेजा घाट और बाबा हरिहरनाथ मंदिर का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सोनपुर/सारण। श्रावणी मेला के अंतिम सोमवारी एवं मेला के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार, 22 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण ने पहलेजा घाट तथा बाबा हरिहरनाथ मंदिर, सोनपुर का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, घाट एवं मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं के साथ-साथ यातायात और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।