बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा बाजार गांव में सोमवार की शाम एक मकान की छत पर विशालकाय अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। करीब 12 फीट लंबे अजगर को देखकर मकान मालकिन और उनके परिजन सहम गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बेल्थरा बाजार निवासी उषा राजभर सोमवार शाम करीब सात बजे किसी काम से अपने मकान की छत पर पहुंचीं। वहां पहले से मौजूद विशालकाय अजगर पर नजर पड़ते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
इस बीच पूर्व प्रधान सतीश गुप्ता ने घटना की जानकारी उभांव इंस्पेक्टर अनिल कुमार उपाध्याय और वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही गांव के युवकों ने मोर्चा संभाल लिया और सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर एक बड़े बोरे में बंद कर दिया।
कुछ देर बाद वन विभाग के कर्मचारी आनंद द्विवेदी और विनय राजभर मौके पर पहुंचे। ग्रामीण युवकों ने अजगर को उनके हवाले कर दिया। इस तरह रिहायशी इलाके में पहुंचे विशालकाय अजगर को सुरक्षित वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
ग्रामीणों का मानना है कि सरयू नदी के किनारे बसे गांव में अजगर झाड़ियों के रास्ते रिहायशी इलाके तक पहुंचा होगा। हालांकि, उसके मकान की छत तक पहुंचने का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
रेस्क्यू अभियान में सतीश कुमार गुप्ता, रिंकू गुप्ता, विंध्याचल शर्मा, आकाश साहनी, दीपक गुप्ता, रोशन राजभर और अभिषेक राजभर समेत कई युवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। गांव के युवकों की तत्परता और साहस की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
#belthararoad #PythonRescue #snakerescue #ForestDepartment #बलिया #बिल्थरारोड #अजगर #वनविभाग #Balliakhabar