चाय दुकानदार को झूठे रेत चोरी के मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप, SI पर 2 लाख रुपये मांगने की शिकायत
टेंटरा थाने के उपनिरीक्षक हिमांशु यादव पर मारपीट और जेल भेजने की धमकी देने के आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
मुरैना। जिले के टेंटरा थाना क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम जोरागढ़ी निवासी चाय दुकान संचालक ने पुलिस उपनिरीक्षक हिमांशु यादव पर झूठे रेत चोरी के मामले में फंसाने, मारपीट करने और दो लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित विजयपुर रोड स्थित टेंटरा तिराहे पर चाय की गुमटी संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आरोप है कि 7 नवंबर 2026 को चंबल नदी की रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली उसकी दुकान के पास रेत खाली कर वहां से चली गई थी। इसके बाद पुलिसकर्मी पूछताछ के बहाने उसे थाने ले गए और कार्रवाई करने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उपनिरीक्षक हिमांशु यादव ने उससे दो लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर रेत चोरी के मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आवेदन में मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है।
आवेदन में बताया गया है कि पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 0126/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि शिकायतकर्ता का दावा है कि रेत से उसका कोई लेना-देना नहीं है और उसे झूठा फंसाया गया है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है।