TGT परीक्षा में हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
संतकबीरनगर में टीजीटी परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से परीक्षा में नकल कराने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार निवासी कुशीनगर और अनिकेत सिंह निवासी मऊ के रूप में हुई है। इनके कब्जे से मोबाइल फोन, ओटीजी, सिम कार्ड, नोटबुक, पर्चियां, चार्जर समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।
मामला चार जून का है, जब खलीलाबाद के हीरालाल रामनिवास महाविद्यालय सरैया बाईपास स्थित परीक्षा केंद्र पर टीजीटी परीक्षा चल रही थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उसके पास से एक मिनी वॉयस रिकॉर्डर गिर गया। पकड़े जाने के डर से वह परीक्षा कक्ष से भागकर बाउंड्री वॉल फांदते हुए फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनीष कुमार ने अपने साथी अनिकेत सिंह के साथ मिलकर नकल की पूरी योजना बनाई थी। योजना के तहत परीक्षा के सभी प्रश्नों को मिनी वॉयस रिकॉर्डर में रिकॉर्ड कर बाहर मौजूद साथी तक पहुंचाना था। इसके बाद बाहर बैठा साथी प्रश्नों के उत्तर तैयार कर पर्चियों के माध्यम से परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचाने वाला था।
हालांकि परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मचारियों की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता से यह पूरी साजिश नाकाम हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अध्यादेश 2024 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नकल माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा।