किशनगंज नए डीएम का पोठिया में निरीक्षण,बांध की खूबसूरती ने खींचा ध्यान, कार्यालय से अस्पताल तक दिखा एक्शन मोड
प्रेस विज्ञप्ति 503, दिनांक 24.06.2026
किशनगंज जिले के नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी नवीन कुमार बुधवार को पहली बार पोठिया प्रखंड क्षेत्र के निरीक्षण पर पहुंचे। प्रखंड कार्यालय जाने से पहले डीएम ने डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय के पीछे स्थित बांध का जायजा लिया। प्राकृतिक सुंदरता से घिरे इस स्थल को देखकर डीएम ने संतोष जताया और बांध क्षेत्र की सराहना की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली।
वहीं स्थानीय ग्रामीणों सहित प्रखंडवासियों की लंबे समय से मांग है कि इस खूबसूरत स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए। लोगों का कहना है कि शांत वातावरण और हरियाली के बीच बना यह स्थल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। पर्व त्योहार और छुट्टियों के दिनों में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ यहां पहुंचकर समय बिताते हैं। यदि प्रशासनिक स्तर से इस क्षेत्र को विकसित किया जाता है तो आने वाले समय में यह पोठिया की एक अलग पहचान बन सकता है।
इसके बाद जिला पदाधिकारी महोदय प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। नए डीएम के पहुंचते ही कार्यालय परिसर में अधिकारी और कर्मी पूरी तरह सक्रिय नजर आए। डीएम ने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर संचिका एवं अभिलेखों के रखरखाव, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
डीएम नवीन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। आम जनता को किसी भी कार्य के लिए परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी करने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोठिया पहुंचे। यहां उन्होंने ओपीडी में मौजूद चिकित्सकों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी महोदय ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि ओपीडी में उपलब्ध डॉक्टरों की सूची बड़े अक्षरों में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही सभी महत्वपूर्ण सूचनाओं को सूचना पट्ट पर सही तरीके से प्रकाशित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने प्रखंड परिसर में निर्माणाधीन प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा पीओ रजनीकांत सिंह से वर्तमान में संचालित योजनाओं की जानकारी ली और कहा कि विकास योजनाओं का असर धरातल पर दिखना चाहिए।
जिले में नए डीएम के पदभार संभालने के बाद प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी है। पोठिया में उनके पहले निरीक्षण से लोगों में उम्मीद जगी है कि लगातार निगरानी से सरकारी कार्यालयों की व्यवस्था बेहतर होगी और योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिकेत कुमार, बीडीओ मोहम्मद आसिफ, सीओ मोहित राज, आरओ मनोज चौधरी, मनरेगा पीओ रजनीकांत सिंह, बीपीआरओ शादाब अनवर, पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे। District Kishanganj Bihar Education Department
#viralpost
#viralreelschallenge
#viralchallenge
#newyork
#2026Goals
#allflowers
#Kishanganj
#DM
#sp