किशनगंज,VVP-II (वाईब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2) के अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित
प्रेस विज्ञप्ति 505, दिनांक 25.06.2026
किशनगंज जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में VVP-II (वाईब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2) के अंतर्गत जिला स्तरीय कमेटी की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के अंतर्गत प्रस्तावित योजनाओं एवं कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने जानकारी दी कि VVP-II के अंतर्गत जिले के कुल 22 गांवों का चयन किया गया है, जिनमें ठाकुरगंज प्रखंड के 06, दिघलबैंक प्रखंड के 09 तथा टेढ़ागाछ प्रखंड के 07 गांव शामिल हैं। इन चयनित गांवों के सर्वांगीण विकास हेतु कुल 215 योजनाओं को चिन्हित किया गया है।
समीक्षा के दौरान हाई मास्ट लाइट, सामुदायिक भवन, पुस्तकालय, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित सहायक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल, किशनगंज को सभी चयनित योजनाओं के लिए तैयार किए गए प्राक्कलन (Estimate) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं की तकनीकी एवं वित्तीय व्यवहार्यता का समुचित मूल्यांकन किया जा सके।
जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि प्रस्तावित हाई मास्ट लाइटों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। साथ ही पुस्तकालय निर्माण से संबंधित विस्तृत प्राक्कलन उपलब्ध कराने तथा आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवनों के निर्माण लागत एवं डिजाइन की तुलना अन्य विभागों द्वारा निर्मित समान संरचनाओं से करने का निर्देश दिया।
उन्होंने मार्केटिंग यार्ड में स्टोर रूम, शौचालय, पेयजल सुविधा एवं सोलर आधारित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रस्तावों की भी समीक्षा की तथा संबंधित विभागों से तुलनात्मक प्राक्कलन प्रस्तुत करने को कहा। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी प्रस्तावित योजनाओं के डिजाइन, लागत एवं तकनीकी मानकों की अन्य विभागों की समान योजनाओं से तुलना कर उनका सम्यक परीक्षण करने का निर्देश दिया, ताकि गुणवत्तापूर्ण एवं लागत प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अन्य संबंधित पदाधिकारी भी बैठक से जुड़े थे।
#viralpost #viralreelschallenge #viralchallenge #newyork #2026Goals #allflowers #Kishanganj #DM