संदिग्ध मौत पर उठे सवाल, मजदूर की मौत के बाद तीन बच्चों के सामने संकट
हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत संतराहा के मजरा कन्जाही में 45 वर्षीय मजदूर ओमकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि ओमकार की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। वह मजदूरी कर अपनी बेटी लक्ष्मी (20), बेटे शोभित (15) और शैलेंद्र (8) का पालन-पोषण कर रहे थे। ओमकार की मौत के बाद तीनों बच्चों के सामने भरण-पोषण और भविष्य को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
मृतक के बेटे शोभित ने आरोप लगाया कि उसके पिता सरदार दुबे के यहां झाला पर मजदूरी करते थे। शोभित का आरोप है कि उसके पिता के साथ मारपीट की जाती थी और उन्हें शराब भी पिलाई जाती थी। उसने पिता की मौत को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही ओमकार की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों ने पुलिस से मृतक के बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Bilgram, Hardoi | Sep 20, 2026