घोसी सांसद राजीव राय ने निभाया वादा, स्व. बाबूलाल राजभर के परिवार की हर साल की तरह इस बार भी मनाई दीपावली
मऊ के बड़ागांव में घोसी सांसद राजीव राय ने मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए स्वर्गीय बाबूलाल राजभर के परिवार तक दीपावली की खुशियां पहुंचाईं। सांसद ने अपने प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से परिवार को फल, मिठाई, कपड़े, पटाखे और आर्थिक सहायता भेजी।
दरअसल, करीब छह साल पहले बाबूलाल राजभर के निधन के बाद सात बच्चों समेत दस सदस्यों का परिवार आर्थिक संकट में आ गया था। उस समय सांसद राजीव राय ने परिवार की जिम्मेदारी उठाते हुए बच्चों की शिक्षा, पक्के मकान के निर्माण और बेटी के विवाह में सहयोग किया था। सांसद ने संकल्प दोहराया कि जब तक उनके बच्चों की दीपावली मनती रहेगी, इस परिवार की दीपावली भी खुशियों के साथ मनाई जाएगी। उन्होंने लोगों से भी जरूरतमंदों की मदद कर उनके जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने की अपील की।