उत्तर प्रदेश के मऊ में धान की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी आनंद वर्धन सिंह की मौजूदगी में क्रॉप कटिंग कराई गई। सदर तहसील के रतनपुरा विकासखंड अंतर्गत पहसा मोहिउद्दीनपुर गांव में निर्धारित खेत पर फसल की कटाई और मड़ाई के बाद उपज का वजन किया गया। इस दौरान 27 किलो 890 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई, जिसके आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 64.4259 कुंतल आंकी गई। पूरी प्रक्रिया भारत सरकार के CCE एग्री ऐप के माध्यम से ऑनलाइन संपन्न कराई गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्रॉप कटिंग निर्धारित मानकों और पारदर्शी तरीके से कराई जाए, ताकि वास्तविक आंकड़े प्राप्त हो सकें। इन आंकड़ों का उपयोग कृषि उत्पादन के आकलन और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को क्षतिपूर्ति निर्धारित करने में किया जाएगा।