#बालाघाट
धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली उपार्जन समिति की बैठक
01 दिसंबर से 20 जनवरी तक होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी,
जिले में 6.13 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य, 25 नवंबर से शुरू होगी स्लॉट बुकिंग
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में 24 नवंबर को जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं, बारदाने की उपलब्धता, तौल, भंडारण, परिवहन तथा किसानों की सुविधाओं सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 01 दिसंबर से धान खरीदी प्रारंभ होने के पूर्व सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि सभी खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे, बोरों की सिलाई मशीन तथा खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को आगामी तीन दिनों के भीतर अपने क्षेत्र के सभी धान खरीदी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों से धान के परिवहन के लिए गोदामों एवं राइस मिलर्स की मैपिंग का कार्य भी शीघ्र पूरा किया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर पेयजल, छाया, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था भी की जाए। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
01 दिसंबर से शुरू होगी धान खरीदी
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 1 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होकर 20 जनवरी 2027 तक चलेगी। धान की खरीदी सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक की जाएगी। इस वर्ष किसानों से धान का उपार्जन 2441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया जाएगा। जिले में कुल 6.13 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धान विक्रय के लिए किसानों की स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी।
सीसीटीवी कैमरों से होगी खरीदी केंद्रों की निगरानी
धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी खरीदी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। धान का उपार्जन निर्धारित एफएक्यू (FAQ) गुणवत्ता मापदंडों के अनुसार किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर नमी मापक यंत्र एवं धान की सफाई के आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहेंगे। धान की तौल केवल इलेक्ट्रॉनिक कांटों से की जाएगी, ताकि किसानों को तौल में किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
आधार से लिंक बैंक खाते में होगा भुगतान
किसानों को धान विक्रय की राशि का भुगतान केवल उनके आधार नंबर से लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। जनधन योजना के खाते, पेटीएम, ऋण खाते एवं संयुक्त बैंक खातों में भुगतान नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भुगतान संबंधी व्यवस्था की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को भुगतान के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में राइस मिलिंग की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। निर्देश दिए गए कि राइस मिलर्स को पिछले वर्ष के धान की मिलिंग पूरी करने के बाद ही नए धान की मिलिंग के लिए धान उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने तथा धान खरीदी कार्य को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री सुधीर जैन, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री संत कुमार भलावी, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक श्री हरीश कोरी, उपायुक्त, सहकारिता श्री राजेश उईके, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ श्री अभिनव सिंह बघेल, उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय, वेयर हाउस के प्रबंधक श्री रमेश पटले उपस्थित थे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp #cooperativedept #minmpkrishi
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 24, 2026